अधिवक्ताओं की शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह है कि पश्चिम मध्य रेलवे के कछपुरा स्थित सिग्नल विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत चंद्रभूषण तिवारी भी अपनी पत्नी के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में शामिल होते हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वह कथित तौर पर खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर व्यापारियों के बीच प्रभाव जमाते हैं। आरोप है कि जांच और सैंपलिंग के दौरान कारोबारियों को उनके खाद्य पदार्थों के नमूने फेल होने की आशंका दिखाकर पैसे देने के लिए दबाव बनाया जाता है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इस तरह के कथित नेटवर्क के माध्यम से रोजाना बड़ी रकम जुटाई जाती है।
शिकायतकर्ताओं ने चंद्रभूषण तिवारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वह केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं और रेलवे विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में खाद्य विभाग की जांच प्रक्रिया में उनकी कथित भागीदारी की जांच की जानी चाहिए। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि आखिर किस अधिकार या अनुमति के आधार पर वह खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में शामिल होते हैं।
ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधुरी मिश्रा की लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थापना का मुद्दा भी उठाया गया है। अधिवक्ताओं के मुताबिक वह करीब 18 वर्षों से जबलपुर जिले में पदस्थ हैं। शिकायतकर्ताओं ने सवाल किया है कि इतने लंबे समय तक एक ही जिले में पदस्थ रहने की वजह क्या है और क्या इससे विभागीय कामकाज की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों के आवंटन को लेकर भी सवाल उठाए हैं और इस संबंध में पारदर्शिता की मांग की है।
अधिवक्ताओं ने सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार 12 अक्टूबर 2026 को खाद्य विभाग में आरटीआई आवेदन देकर चंद्रभूषण तिवारी की कथित भूमिका और विभागीय कामकाज में उनके हस्तक्षेप से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विभाग ने इस संबंध में माधुरी मिश्रा से जवाब मांगा था लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी उन्हें मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे लेकर भी उन्होंने प्रशासन के सामने सवाल रखे हैं।
अब अधिवक्ताओं ने मामले की जांच केवल आरोपों तक सीमित न रखने की मांग की है। उन्होंने कथित अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों और परिजनों के नाम किए गए निवेश की पड़ताल कराने की बात कही है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के पहलू की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संभाग आयुक्त कलेक्टर पश्चिम मध्य रेलवे के डीआरएम और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नाम ज्ञापन दिया गया है।
फिलहाल इस पूरे मामले में शिकायतकर्ताओं के आरोपों की जांच और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना महत्वपूर्ण होगा। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान नियमों का पालन किया गया या किसी तरह की अनियमितता हुई।
