जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह गांधीनगर इलाके में अचानक नर्मदा की पाइपलाइन में तेज प्रेशर बना और लाइन फट गई। इसके बाद पाइप से बड़ी मात्रा में पानी बाहर निकलने लगा। सड़क पर तेज धार के साथ पानी बहने से आसपास के इलाके में जलभराव हो गया। स्थानीय लोगों ने जब सड़क पर पानी बहता देखा तो इसकी सूचना नगर निगम को दी। बताया जा रहा है कि इस पाइपलाइन में पहले भी लीकेज की शिकायत सामने आई थी। उस समय निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कराई थी। लेकिन कुछ समय बाद एक बार फिर पाइपलाइन फूटने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
पाइपलाइन फूटने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में पानी की बर्बादी रोकने के लिए लाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। टीम ने लीकेज को ठीक करने और सप्लाई व्यवस्था को सामान्य करने की कार्रवाई की। हालांकि इस दौरान काफी मात्रा में पानी सड़क पर बह चुका था। जिस नई पाइपलाइन को लंबे समय तक पानी की सप्लाई के लिए डाला गया था उसका एक साल के भीतर ही दोबारा खराब होना निगम की तकनीकी व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े करता है।
दरअसल इंदौर में इस समय जलसंकट की आशंका को देखते हुए नगर निगम पानी की बचत पर विशेष जोर दे रहा है। कम बारिश और जलस्रोतों में पानी की उपलब्धता को लेकर निगम लगातार लोगों से पानी का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील कर रहा है। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पानी की बर्बादी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। निगम की टीमें ऐसे स्थानों पर निगरानी रख रही हैं जहां पानी का अनावश्यक इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है और आने वाले समय में इसकी कमी से बचने के लिए अभी से सतर्क रहना जरूरी है।
लेकिन गांधीनगर में नर्मदा की पाइपलाइन फूटने से निगम की इसी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जब आम नागरिकों से पानी बचाने की अपेक्षा की जा रही है और पानी बर्बाद करने पर चालान काटे जा रहे हैं तो सरकारी पाइपलाइनों की नियमित जांच और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निगम की ही है। नई पाइपलाइन डालने के बावजूद बार-बार लीकेज होना यह सवाल खड़ा करता है कि निर्माण के समय गुणवत्ता की जांच किस तरह की गई थी। साथ ही मरम्मत के बाद दोबारा ऐसी स्थिति क्यों बनी।
अब जरूरत इस बात की है कि नगर निगम केवल लीकेज ठीक करने तक सीमित न रहे बल्कि पाइपलाइन की गुणवत्ता और बार-बार खराब होने के कारणों की भी जांच करे। फिलहाल निगम की टीम ने मौके पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। वहीं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान किया जाएगा।
