जानकारी के मुताबिक सोनिला बुधवार दोपहर दीपक खंडेलवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों होटल के कमरा नंबर 101 में गए थे। सोनिला के पहुंचने के करीब एक घंटे बाद दीपक होटल आया था। इसके बाद वह करीब 40 मिनट तक कमरे में रुका। कमरे से बाहर निकलने के बाद उसने होटल स्टाफ को बताया कि सोनिला बेहोश है। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू हुई।
CCTV फुटेज में होटल के बाहर की गतिविधियां भी रिकॉर्ड हुई हैं। सफेद कार के आसपास कई युवक दिखाई दे रहे हैं। दो लोग महिला के शव को कार में रखते नजर आते हैं। इसी दौरान कारोबारी होटल के एक कर्मचारी को अपने साथ चलने का इशारा करता है लेकिन कर्मचारी उसके साथ जाने से मना कर देता है। महिला को बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनिला के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बताया गया है कि वहां उनकी दीपक खंडेलवाल से कहासुनी हुई थी। इसके बाद दीपक अस्पताल से चला गया। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के जरिए उसकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सोनिला के पति संजय ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और दोनों की दो बेटियां हैं। कुछ समय पहले परिवार इंदौर में रहने लगा था लेकिन पिछले करीब एक साल से संजय ब्यावरा में रह रहा था जबकि सोनिला इंदौर में रहती थी। दीपक को लेकर पूछे जाने पर संजय ने कहा कि वह उसे जानता है लेकिन फिलहाल इस मामले में बात नहीं करना चाहता। उसने करीब आठ दिन बाद पूरी बात बताने की बात कही है। परिवार की ओर से अभी तक दीपक पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया गया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस और डॉक्टरों के बीच हुई चर्चा में फंदे से मौत का एंगल सामने आया है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होने की उम्मीद है। पुलिस ने विसरा भी जांच के लिए भेजा है। शुरुआती जानकारी में जहर खाने की आशंका की भी चर्चा हुई थी लेकिन पुलिस फिलहाल सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने होटल से DVR और जरूरी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सोनिला होटल में किस परिस्थिति में पहुंची थी। दीपक कमरे में कितनी देर रहा और उसके बाहर निकलने के बाद महिला की स्थिति क्या थी। इसके अलावा अस्पताल तक पहुंचने के दौरान कौन कौन लोग मौजूद थे इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक मामले की जांच जारी है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। दीपक खंडेलवाल पालदा क्षेत्र में पाइप का कारोबार करता है और घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में कई टीमें लगा चुकी है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और CCTV जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि होटल के कमरे में आखिर हुआ क्या था।
