होटल शुभ इन में टीम ने खाद्य पदार्थों के स्टोरेज के साथ सैनिटरी और हाइजीनिक कंडीशन की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार मिलीं लेकिन कुछ बिंदुओं पर सुधार की जरूरत सामने आई। टीम ने डस्टबिन की व्यवस्था कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप और मेडिकल प्रमाण पत्र पेयजल की पोटेबिलिटी रिपोर्ट तथा पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज और व्यवस्थाओं को देखा। इनमें कुछ कमियां पाई गईं। होटल मैनेजर दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में टीम ने सैंडविच ब्रेड और बेसन के नमूने लिए। इन नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जाएगा।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम एमपी नगर जोन एक स्थित मिलन रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग पहुंची। यहां खाद्य पदार्थ तैयार करने की जगह किचन और स्टोरेज एरिया का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए खड़ी मिर्च लाल सोयाबीन तेल पिसा धनिया पाउडर समोसा और बटर पनीर के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान पेस्ट कंट्रोल कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप और साफ सफाई से संबंधित कुछ कमियां मिलीं। इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को तय सुरक्षा मानकों का पालन कराने के साथ उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाना है।
नेहरू नगर स्थित ब्लिंकिट के स्टोर की भी खाद्य सुरक्षा टीम ने विस्तृत जांच की। यहां खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था के साथ पैकेट पर लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों को देखा गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के तीन पैकेट एक्सपायर पाए गए। इसके अलावा कुछ पनीर और गुलाब जामुन के पैकेट में लेबलिंग और ब्रांडिंग से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। टीम ने यहां से तीन खाद्य नमूने भी लिए हैं। एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने के बाद विभाग की ओर से मामले को नियमानुसार देखा जा रहा है।
इससे एक दिन पहले सोमवार रात को भी खाद्य सुरक्षा टीम ने बाग सेवनिया स्थित स्विगी इंस्टामार्ट का निरीक्षण किया था। यहां से घी पैक्ड चना और नाइश कूकिस के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में FSSAI लाइसेंस की निर्धारित शर्तों से जुड़े कुछ उल्लंघन पाए गए। इनके संबंध में अभिहित अधिकारी द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है।
विभाग के मुताबिक लाइसेंसधारी खाद्य कारोबारकर्ता को मौके पर उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। अब संबंधित दस्तावेजों और खाद्य पदार्थों के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के पालन की स्थिति और स्पष्ट होगी। लगातार हो रही इन जांचों से होटल रेस्टोरेंट और ऑनलाइन खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विभाग की निगरानी बढ़ती नजर आ रही है।
