ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर देशभर के लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी 3 दिसंबर को काम से दूर रहेंगे। मध्य प्रदेश में भी इस हड़ताल को लेकर बैंक कर्मचारियों के बीच तैयारियां शुरू हो गई हैं। आंदोलन के समर्थन में हड़ताल से पहले प्रदर्शन बैज धारण करने और सोशल मीडिया अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल में बैंककर्मी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन भी कर चुके हैं। कर्मचारियों का कहना है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण का फैसला केवल एक बैंक के भविष्य से जुड़ा मामला नहीं है बल्कि इसका असर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों कर्मचारियों ग्राहकों और देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है।
हड़ताल में प्रदेश के प्रमुख 12 बड़े बैंकों में से 11 बैंकों के कर्मचारी शामिल होंगे। इनमें पंजाब नेशनल बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा केनरा बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बैंक ऑफ इंडिया इंडियन बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया इंडियन ओवरसीज बैंक यूको बैंक बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हड़ताल में मुख्य रूप से क्लर्क स्तर के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। एसआईबी के कर्मचारी भी आंदोलन का हिस्सा बनेंगे लेकिन उनकी संख्या अपेक्षाकृत कम रहेगी। ऐसे में 3 दिसंबर को बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की कमी के कारण रोजमर्रा के बैंकिंग काम प्रभावित हो सकते हैं।
बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों नजीर कुरैशी दीपक रतन शर्मा गुणा शेखरन वैभव गुप्ता देवेंद्र खरे एमएस जयशंकर और भगवान स्वरूप कुशवाहा ने निजीकरण को लेकर सरकार के सामने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आईडीबीआई बैंक को केवल बिक्री योग्य संपत्ति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि इसके पुनर्निर्माण में जनता के धन का इस्तेमाल हुआ है। कर्मचारी संगठनों का दावा है कि बैंक मुनाफे में चल रहा है और उसने पिछले वर्ष 9500 करोड़ रुपए से अधिक का लाभ कमाया है। ऐसे में इसे किसी विदेशी कॉर्पोरेट के हाथ सौंपने के फैसले पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
बैंक संगठनों ने मांग की है कि आईडीबीआई बैंक के विनिवेश और बिक्री की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए। इसके साथ ही किसी भी आगे की कार्रवाई से पहले स्वतंत्र जांच और मूल्यांकन कराया जाए। कर्मचारी संगठनों ने निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ऐसे में 3 दिसंबर की बैंक हड़ताल न केवल बैंक कर्मचारियों के विरोध का बड़ा मंच बनेगी बल्कि इससे आम ग्राहकों और बैंकिंग व्यवस्था पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।
