अय्याना माने की कहानी जाजी नाम की एक लड़की से शुरू होती है जिसकी शादी दुष्यंत नाम के युवक से होती है। शादी के बाद जब जाजी अपने नए ससुराल पहुंचती है तो उसे वहां के माहौल में कुछ अलग महसूस होता है। जाजी के ससुराल का नाम अय्याना माने है और परिवार ने उससे दुष्यंत की पिछली शादी से जुड़ी एक अहम बात छिपाई होती है। दुष्यंत की पहले भी शादी हो चुकी थी और उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। जाजी के लिए यह जानकारी पहले से ही हैरान करने वाली होती है लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद हालात और भी डरावने हो जाते हैं।
जाजी जिस दिन शादी के बाद घर आती है उसी दिन उसके ससुर की मौत हो जाती है। इस घटना के बाद घर का माहौल बदल जाता है और जाजी को परिवार के लोगों का व्यवहार भी सामान्य नहीं लगता। वह खुद को इस बड़े से घर में काफी अकेला महसूस करने लगती है। इसी दौरान घर की नौकरानी उसके लिए सहारे का काम करती है। नौकरानी जाजी को घर से जुड़ी एक ऐसी बात बताती है जिसे सुनकर उसके होश उड़ जाते हैं।
जाजी को पता चलता है कि इस घर की पहले की तीन बहुओं की भी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। यह जानकारी मिलने के बाद उसके मन में कई सवाल खड़े हो जाते हैं। आखिर इस घर की बहुओं के साथ ऐसा क्या हुआ था। क्या इन मौतों के पीछे कोई गहरा राज छिपा है और क्या जाजी भी किसी खतरे में है। इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए जाजी खुद इस रहस्य की तह तक जाने की कोशिश करती है।
जाजी की पड़ताल जैसे जैसे आगे बढ़ती है वैसे वैसे कहानी में नए राज खुलते जाते हैं। उसे पता चलता है कि इन घटनाओं का संबंध उसके ससुराल के परिवार से है और कहानी का एक अहम कनेक्शन उसकी सास से जुड़ा हुआ है। यहीं से सीरीज का सस्पेंस और ज्यादा गहरा हो जाता है। दर्शकों को हर एपिसोड में कहानी के नए पहलू देखने को मिलते हैं और कई घटनाएं ऐसी हैं जो डर का माहौल पैदा करती हैं।
सीरीज की कहानी में हॉरर के साथ मिस्ट्री और थ्रिलर का मेल देखने को मिलता है। यही वजह है कि कहानी सिर्फ डराने पर निर्भर नहीं रहती बल्कि दर्शकों को यह सोचने पर भी मजबूर करती है कि आखिर घर के अंदर चल क्या रहा है। हर नए एपिसोड के साथ पुराने सवालों के साथ नए सवाल भी सामने आते हैं।
अय्याना माने में खुशी रवि अक्षय नायक मानसी सुधीर अनिरुद्ध आचार्य रमेश इंदिरा हिथा चंद्रशेखर और विजय सोभराज जैसे कलाकार नजर आते हैं। सीरीज का निर्देशन रमेश इंदिरा ने किया है जबकि इसका निर्माण श्रुति नायडू प्रोडक्शन्स ने किया है। बैकग्राउंड स्कोर एल वी मुत्थु ने गणेश के साथ तैयार किया है।
अगर आप हॉरर मिस्ट्री और थ्रिलर कंटेंट पसंद करते हैं तो यह 6 एपिसोड की सीरीज कम समय में एक रहस्यमय कहानी देखने का विकल्प देती है। अय्याना माने को जी5 पर देखा जा सकता है। सीरीज की IMDb रेटिंग 6.8 बताई गई है।
