निर्माता ने सेलेब्स से किया संपर्क
‘हनुमान अंश’ की निर्माता नम्रता सिंह ने बताया है कि उन्होंने आने वाले पार्ट्स में शामिल होने के लिए कुछ सेलिब्रिटीज से संपर्क किया है। हाल ही में बातचीत में नम्रता ने इस स्टार कपल के सीक्वल में कैमियो रोल करने की संभावना पर बात की।
क्या होगा दूसरे और तीसरे पार्ट में?
निर्माता ने कहा कि दूसरा पार्ट कैंची धाम के चैप्टर और उन भारतीय भक्तों की जिंदगी को दिखाएगा जिन पर नीम करोली बाबा का गहरा असर पड़ा था। इसके अलावा तीसरी फिल्म दुनिया भर की मशहूर हस्तियों पर बाबा के आध्यात्मिक प्रभाव को दिखाएगी।
विराट-अनुष्का का नीम करोली बाबा से जुड़ाव
‘हनुमान अंश’ की कामयाबी के बीच नीम करोली बाबा के साथ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के कथित आध्यात्मिक जुड़ाव ने लोगों का ध्यान खींचा है। यह कपल नीम करोली बाबा और उनकी शिक्षाओं से जुड़ा रहा है। खबरों में कैंची धाम में उनके जाने का जिक्र भी है। जब नम्रता से पूछा गया कि क्या यह कपल दूसरे पार्ट में नजर आ सकता है, तो उन्होंने बताया कि मेकर्स ने कुछ सेलिब्रिटीज से संपर्क किया है।
अटकलों को मिली हवा
नम्रता ने कहा, ‘मैंने उनमें से कुछ से संपर्क किया है और उन्हें पहले से ही इस फिल्म के बारे में जानकारी थी।’ हालांकि इस बयान से यह पक्का नहीं होता कि विराट या अनुष्का ‘हनुमान अंश 2’ में नजर आएंगे, मगर इसने संभावित कैमियो को लेकर चल रही अटकलों को और हवा जरूर दे दी है।
दूसरे और तीसरे पार्ट के कॉन्सेप्ट पर हो चुका काम
‘हनुमान अंश’ को शुरू से ही एक तीन फिल्मों की सीरीज के तौर पर प्लान किया गया था। नम्रता ने यह भी बताया कि मेकर्स के पास इस फ्रेंचाइजी के लिए पहले से ही एक बड़ा प्लान है। उनके मुताबिक, दूसरे और तीसरे पार्ट के कॉन्सेप्ट पर काम हो चुका है।
उन्होंने कहा, ‘मैं और विशाल, दोनों ही उनके भक्त हैं। महाराज जी के साथ हमारी निजी कहानियां जुड़ी हैं। मेरी 14 साल से और विशाल की 20 साल से। हम अपने संतों पर फिल्में बनाना चाहते हैं और उन्हें दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।’
‘हनुमान अंश’ का कलेक्शन
फिल्म ‘हनुमान अंश’ को रिलीज हुए 35 दिन हो चुके हैं। कमाई के मामले में यह फिल्म हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है। 34वें दिन फिल्म ने 10.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। 35वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने खबर लिखे जाने तक 7.02 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म का टोटल कलेक्शन 160.15 करोड़ रुपये हो गया है।
