नई दिल्ली ।बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान जल्द ही सुपरहीरो के किरदार में नजर आ सकते हैं। निर्माता साजिद नाडियाडवाला एक बड़े स्तर की सुपरहीरो फिल्म बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं और इस प्रोजेक्ट के लिए आमिर खान को अप्रोच किया गया है। आमिर ने फिल्म को लेकर दिलचस्पी दिखाई है, हालांकि उन्होंने अभी तक इस प्रोजेक्ट को आधिकारिक तौर पर साइन नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म अभी शुरुआती चरण में है और इसकी कहानी तथा स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। फिल्म के निर्देशन के लिए आर बाल्की के नाम पर चर्चा हो रही है। अगर यह प्रोजेक्ट तय योजना के अनुसार आगे बढ़ता है और आमिर इसका हिस्सा बनते हैं, तो अभिनेता पहली बार साजिद नाडियाडवाला और आर बाल्की के साथ काम करते नजर आएंगे।
मेकर्स फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। अगले कुछ महीनों में कहानी, स्क्रीनप्ले और मुख्य किरदार को अंतिम रूप देने पर काम किया जाएगा। बड़े स्तर की इस फिल्म के लिए प्रोडक्शन डिजाइन और पूरे लुक पर भी विशेष तैयारी की जाएगी। फिल्म के सुपरहीरो किरदार को ध्यान में रखते हुए इसके विजुअल और प्रोडक्शन से जुड़े पहलुओं पर काम आगे बढ़ाया जाएगा।
फिल्म के स्क्रीनप्ले को लेकर भी आमिर खान की भागीदारी की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्ममेकर्स आमिर के साथ मिलकर स्क्रीनप्ले तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। हालांकि, फिलहाल प्रोजेक्ट को लेकर अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा बाकी है।
साजिद नाडियाडवाला और आमिर खान लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त बताए जाते हैं, लेकिन दोनों ने अब तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। ऐसे में यदि यह सुपरहीरो फिल्म आगे बढ़ती है और आमिर इसमें शामिल होते हैं, तो यह दोनों की पहली फिल्मी साझेदारी होगी।
वहीं, आर बाल्की के लिए भी आमिर खान के साथ काम करना नया अनुभव होगा। आर बाल्की ने अपने करियर में अमिताभ बच्चन के साथ कई फिल्मों में काम किया है। उनकी निर्देशित फिल्मों में ‘चीनी कम’, ‘पा’, ‘शमिताभ’, ‘की एंड का’, ‘पैडमैन’, ‘चुप’, ‘लस्ट स्टोरीज 2’ और ‘घूमर’ शामिल हैं।
आर बाल्की ने वर्ष 2017 में एक बातचीत के दौरान फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख खान अभिनेताओं के साथ काम करने को लेकर अपनी राय जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि अगर वह ऐसे प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के बारे में सोचेंगे तो इसमें काफी समय लग सकता है। अब आमिर के साथ संभावित सुपरहीरो फिल्म को लेकर उनका नाम सामने आना चर्चा का विषय बन गया है।
आमिर खान के अन्य प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘ललकार’ में नजर आ सकते हैं। यह पीरियड स्पोर्ट्स ड्रामा 1952 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए क्रिकेट मैच की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। आमिर इसमें क्रिकेटर लाला अमरनाथ की भूमिका निभा सकते हैं। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2026 से शुरू होने की संभावना बताई गई है।
इसके अलावा आमिर खान के राजकुमार हिरानी के साथ ‘थ्री इडियट्स’ के सीक्वल में काम करने की भी चर्चा है। वर्ष 2009 में रिलीज हुई ‘थ्री इडियट्स’ में आमिर खान, आर. माधवन, शर्मन जोशी और करीना कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था और यह आमिर खान के करियर की चर्चित सफल फिल्मों में शामिल रही है।
