24 साल बाद शेयर बाजार में उतरने की तैयारी
स्पेसएक्स ने करीब 24 वर्षों तक निजी कंपनी बने रहने के बाद अब अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने नास्देक टेक्सास पर “SPCX” टिकर के तहत लिस्टिंग के लिए आवेदन किया है और अमेरिकी नियामक SEC के पास जरूरी दस्तावेज भी जमा करा दिए हैं। हालांकि आईपीओ के बाद भी कंपनी पर एलन मस्क का नियंत्रण बना रहेगा।
रिकॉर्ड तोड़ सकता है IPO
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स इस आईपीओ के जरिए लगभग 75 अरब डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा।
इससे पहले सऊदी अरामको ने 2019 में 29.4 अरब डॉलर जुटाए थे। अलीबाबा ग्रुप ने 2014 में 22 अरब डॉलर का आईपीओ लाया था स्पेसएक्स की संभावित वैल्यू 1.75 से 2 ट्रिलियन डॉलर के बीच आंकी जा रही है, जो कई देशों के पूरे शेयर बाजार से भी बड़ी मानी जा रही है।
स्टारलिंक बना कमाई का बड़ा स्रोत
कंपनी के दस्तावेजों के अनुसार, Starlink इंटरनेट सेवा स्पेसएक्स की कमाई का प्रमुख आधार बन चुकी है। 2025 में कंपनी का अनुमानित राजस्व करीब 18.7 अरब डॉलर बताया गया है। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी का मूल्यांकन काफी ऊंचा है, लेकिन निवेशकों के बीच इसे भविष्य की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में देखा जा रहा है।
ऐसे बन सकते हैं पहले खरबपति
स्पेसएक्स में एलन मस्क की हिस्सेदारी करीब 42 प्रतिशत बताई जाती है। यदि कंपनी की वैल्यू 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचती है, तो सिर्फ स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य 735 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है। इसके अलावा Tesla, xAI और अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी जोड़ने पर मस्क की कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर यानी 1 खरब डॉलर के पार जा सकती है। ऐसा होने पर वे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन जाएंगे।
