झांसी। गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम करसा निवासी एक वृद्ध एवं लकवा ग्रस्त महिला ने अपनी खरीदी हुई जमीन पर कब्जा न मिलने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार उसने वर्ष 2017 में भूमि संख्या 533, रकबा 13.96 हेक्टेयर में से 0.187 हेक्टेयर जमीन कपिल पुत्र रमेशचंद्र निवासी करसा से पांच लाख रुपये में विधिवत पंजीकृत बैनामा कराकर खरीदी थी।
पीड़िता का कहना है कि बैनामा रजिस्ट्रार कार्यालय में समस्त गवाहों की मौजूदगी में हुआ था और राजस्व अभिलेखों में उसका नाम भी दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद जब वह अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने पहुंची, तो आरोपित कपिल सोनी और उसके परिजनों ने उसे रोक दिया और धमकाकर वहां से भगा दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पीड़िता ने बताया कि उसने इस मामले में तहसील दिवस, थाना दिवस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार शिकायत की, जिस पर जांच भी हुई। जांच के दौरान अधिकारियों ने मौके का मिलान कराया, जिसमें भूमि पर अन्य लोगों का कब्जा पाया गया।
पीड़िता ने बताया कि लेखपाल द्वारा भी रिपोर्ट में प्लॉट मौके पर न होने की बात कही गई है। पिछले सात-आठ वर्षों से न्याय के लिए भटक रही पीड़िता ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
