झांसी। मोठ थाना क्षेत्र में डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी न देने पर भाजपा युवा मोर्चा के नेता और विधायक की छवि धूमिल करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालनपुरा निवासी कपिल मुदगिल ने मोठ कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह भाजपा युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व धीरेन्द्र रायकवार, इकबाल अहमद तथा अटारिया निवासी संतराम राजपूत उसके पास आए और डेढ़ लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसकी और विधायक जवाहर लाल राजपूत की छवि खराब कर दी जाएगी, विशेषकर चुनावी समय को देखते हुए भ्रामक खबरें प्रसारित की जाएंगी।
कपिल मुदगिल के अनुसार, उसने रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पुरानी फोटो और वीडियो को तोड़-मरोड़ कर अपने निजी पोर्टल पर प्रसारित कर दिया, जिससे उसकी और विधायक की सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
