सीडीओ ने ₹16 हजार करोड़ लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए
झांसी। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति, व्यापार बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक आयोजित हुई। इसमें उद्यमियों, व्यापारियों और अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में बुंदेलखंड की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करें। आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी 5.0) की तैयारियों को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि जनपद झांसी को जीबीसी 5.0 के तहत ₹16 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य मिला है, जिसमें अब तक ₹15,655 करोड़ के 181 एमओयू हो चुके हैं। लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने बैंकर्स की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत करीब ₹116 करोड़ का ऋण वितरण किया गया है। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में भी इसी गति से कार्य करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने जाम व सड़क समस्याएं उठाईं
बैठक में व्यापारियों ने मानिक चौक, दतिया गेट, उन्नाव गेट व बड़ागांव गेट क्षेत्र में जाम और खराब सड़कों की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने नगर निगम व लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
