सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इन दोनों मामलों में अलग-अलग डेटाबेस का पता लगाया। पहले डेटाबेस में लगभग दो अरब लॉगिन रिकॉर्ड मौजूद थे। इसे साइबर सुरक्षा शोधकर्ता जेरेमिया फाउलर ने खोजा। इस डेटाबेस में ईमेल पते, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। डेटा को 8,471 अलग-अलग फोल्डरों में व्यवस्थित किया गया था। इनमें कुछ फोल्डर देशों के आधार पर भी बनाए गए थे।
इस डेटाबेस में आम लोगों के साथ-साथ सरकारी विभागों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों से जुड़े ईमेल अकाउंट की जानकारियां भी मिलीं। इसके अलावा 10 करोड़ से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े करोड़ों लॉगिन रिकॉर्ड भी इसमें शामिल थे। करीब चार लाख दस्तावेज भी इस डेटाबेस का हिस्सा थे। शोधकर्ता के मुताबिक, इन दस्तावेजों के पीछे किसी अधिक उन्नत प्रकार के मैलवेयर की भूमिका हो सकती है, जो यूजर्स की विस्तृत व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करता है।
इस मामले में सबसे चिंताजनक पहलू सेशन टोकन और कुकीज का सामने आना है। सेशन टोकन ऐसी डिजिटल पहचान होती है, जिसकी मदद से कोई यूजर बार-बार पासवर्ड डाले बिना अपने अकाउंट में लॉगिन रह सकता है। यदि यह टोकन किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ लग जाए तो वह संबंधित अकाउंट तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकता है। कुछ परिस्थितियों में पासवर्ड बदलने के बाद भी पुराने सेशन टोकन सक्रिय रह सकते हैं। इससे अकाउंट की सुरक्षा का जोखिम बढ़ जाता है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि पहले डेटाबेस में मौजूद ज्यादातर जानकारी इन्फो स्टीलर मैलवेयर के जरिए जुटाई गई हो सकती है। यह एक प्रकार का दुर्भावनापूर्ण सॉफ्टवेयर है, जो संक्रमित कंप्यूटर या मोबाइल डिवाइस में सेव पासवर्ड, ब्राउजर डेटा और अन्य निजी जानकारियां चुरा सकता है। साइबर अपराधी इस तरह के डेटा को खरीदने, बेचने और अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर इस्तेमाल करने का काम करते हैं।
पहले डेटाबेस को लेकर यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इसका मालिक कौन था और यह कितने समय से इंटरनेट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध था। शोधकर्ता ने इसकी जानकारी संबंधित होस्टिंग कंपनी को दी। इसके बाद कुछ दिनों में आम लोगों की इस डेटाबेस तक पहुंच बंद कर दी गई। हालांकि, यह पता नहीं चल सका कि इस दौरान किसी अन्य व्यक्ति या साइबर अपराधी ने इसका डेटा डाउनलोड किया था या नहीं।
दूसरा बड़ा डेटा एक्सपोजर साइबर सुरक्षा कंपनी अपगार्ड के रिसर्च डायरेक्टर ग्रेग पोलॉक ने खोजा। इस डेटाबेस में लगभग 1.64 अरब दस्तावेज मौजूद थे। इनमें अधिकांश जानकारियां चीन के नागरिकों और व्यवसायों से संबंधित थीं। विश्लेषण में कम से कम 84 करोड़ राष्ट्रीय पहचान नंबर, 30 करोड़ फोन नंबर, लगभग 1.1 करोड़ छात्रों के नामांकन रिकॉर्ड और करीब 80 लाख व्यावसायिक पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज पाए गए।
विशेषज्ञों के सामने आई इन जानकारियों से स्पष्ट होता है कि डेटा एक्सपोजर का खतरा केवल पासवर्ड चोरी तक सीमित नहीं है। राष्ट्रीय पहचान नंबर, फोन नंबर और व्यक्तिगत दस्तावेजों के जरिए फर्जी पहचान बनाना तथा लोगों को निशाना बनाना आसान हो सकता है। हालांकि, इन दोनों मामलों में कुल रिकॉर्ड की संख्या को वास्तविक प्रभावित व्यक्तियों की संख्या नहीं माना जा सकता, क्योंकि एक ही व्यक्ति या अकाउंट की जानकारी कई बार दर्ज हो सकती है।
