जानकारी के मुताबिक राकेश ने 12 अक्टूबर को शराब पी थी। इसके कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें पेट दर्द और अन्य परेशानियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान उनकी स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें करीब 10 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ तो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि उनकी परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी और नियमित जांच के लिए अस्पताल बुलाया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार शराब पीने के बाद राकेश की आंखों की रोशनी चली गई थी। उन्हें ठीक से दिखाई देना बंद हो गया था। सुनने में भी परेशानी होने लगी थी। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के साथ उनकी हालत में सुधार होगा और वे फिर सामान्य जिंदगी जी सकेंगे। लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। इसके बाद उनका बड़ा भाई दीपक और मां उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
इस जहरीली शराब कांड को लेकर गांव के लोगों में लंबे समय से नाराजगी है। ग्रामीण विकास परमार और अन्य लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सालों से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर लाइसेंसी शराब की दुकान है। ऐसे में कई लोग गांव के भीतर ही अवैध ठिकानों से शराब खरीदते थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध बिक्री पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई और इसका खामियाजा कई परिवारों को भुगतना पड़ा। हालांकि अवैध शराब की बिक्री और उससे जुड़े जिम्मेदार लोगों को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।
इस मामले में मौतों का सिलसिला 27 सितंबर से शुरू हुआ था। उस दिन किशोर परमार की मौत हुई थी। इसके बाद अक्टूबर में भी कई लोगों की जान गई। इनमें ज्यादातर 30 से 40 वर्ष की उम्र के युवा बताए गए। शराब पीने के बाद लोगों को पेट में तेज दर्द चक्कर घबराहट और उल्टी जैसी शिकायतें हुई थीं। कुछ पीड़ितों की हालत तेजी से बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई।
17 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने के बाद संजू नाम के 32 वर्षीय युवक और 55 वर्षीय फूल सिंह को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन इलाज चलने के बाद दोनों की भी मौत हो गई थी। अब राकेश जेठीवाल की मौत ने इस मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
जहरीली शराब कांड में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। कई परिवार अपने सदस्यों को खो चुके हैं और कुछ पीड़ितों को लंबे समय तक इलाज कराना पड़ा। राकेश की मौत यह भी दिखाती है कि इस घटना का असर शराब पीने के तुरंत बाद ही नहीं बल्कि लंबे समय तक बना रह सकता है। गांव में अवैध शराब की बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों के बीच लोगों की नजर अब जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
