दरअसल सौरभ दास ने सोमवार को आरोप लगाया था कि सरकार ने उन्हें विदेश यात्रा करने से रोक दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया कि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के निमंत्रण पर लंदन जाने वाले थे। वहां उन्हें एक पैनल चर्चा और व्याख्यान में हिस्सा लेना था। दास के मुताबिक यह कार्यक्रम एक दिसंबर को आयोजित होना था और इसमें सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि यात्रा के दौरान उन्हें हवाई अड्डे पर रोक दिया गया और विदेश जाने की अनुमति नहीं दी गई।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि विजय माल्या पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये के फ्रॉड का आरोप है जबकि नीरव मोदी पर 6498 करोड़ रुपये और मेहुल चोकसी पर 7080 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन तीनों को देश छोड़कर भागने दिया गया लेकिन सौरभ दास को लंदन जाने से रोका जा रहा है। दीपके ने इसी संदर्भ में लिखा कि भाई कोई बड़ा फ्रॉड कर लो अगर विदेश जाना है। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि काश सौरभ ने बैंक लूटा होता या धोखाधड़ी की होती तो शायद सरकार उसे आसानी से लंदन जाने देती।
दीपके ने सौरभ दास के पासपोर्ट को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी सरकार को घेरा है। उनका कहना है कि सौरभ का पासपोर्ट वर्ष 2019 में इसी सरकार के कार्यकाल में जारी किया गया था। ऐसे में सात साल तक पासपोर्ट में कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई लेकिन सीजेपी के गठन और सौरभ के पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल होने के बाद अचानक सवाल उठने लगे। दीपके ने यह भी आरोप लगाया कि सौरभ को आधी रात के दौरान हवाई अड्डे पर रोककर बताया गया कि वह भारत से बाहर नहीं जा सकते।
दूसरी ओर सौरभ दास ने अपने लंदन दौरे को लेकर कहा कि मुख्य कार्यक्रम ऑक्सफोर्ड यूनियन में होना था। इसके अलावा लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय सहित कई अन्य संस्थानों में भी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई थी। इनमें कुछ कार्यक्रम विश्वविद्यालयों और कुछ वहां के छात्रों के समर्थन से आयोजित होने थे। दास ने दावा किया कि यदि वह नीरव मोदी या विजय माल्या जैसे बड़े आर्थिक अपराधों के आरोपी होते तो उनके साथ अलग व्यवहार किया जाता।
दास ने विजय माल्या का उदाहरण देते हुए यह भी दावा किया कि माल्या ने वर्ष 2018 में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ संसद में एक गुप्त बैठक की थी और देश छोड़ने से पहले लंदन जाने की योजना बताई थी। हालांकि यह दावा सौरभ दास की ओर से किया गया है। फिलहाल इस पूरे मामले में पासपोर्ट और विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने की वजह को लेकर विवाद बना हुआ है। सरकार की ओर से इस खबर में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
