तीन महीने का एक्सटेंशन मिलने की स्थिति में 1 मार्च 2027 को नए DGP के चयन के लिए पैनल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। UPSC के नियमों के मुताबिक पैनल में शामिल होने वाले अधिकारियों की कम से कम छह महीने की सेवा शेष होना जरूरी है। यानी संबंधित तारीख पर जिन अधिकारियों का रिटायरमेंट 31 अगस्त 2027 से पहले होना है वे चयन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। इस नियम के चलते 1991 बैच के वरुण कपूर 1992 बैच के जी. अखिटो सेमा और 1994 बैच के राजाबाबू सिंह की दावेदारी समाप्त हो सकती है।
वरुण कपूर फिलहाल जेल विभाग के DG हैं और 31 मई 2027 को रिटायर होंगे। जी. अखिटो सेमा स्पेशल DG जेल के पद पर हैं और उनका रिटायरमेंट 31 जुलाई 2027 को है। वहीं स्पेशल DG रेल राजाबाबू सिंह भी 31 जुलाई 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। तीनों अधिकारियों की सेवा निर्धारित छह महीने की अवधि से कम बचने के कारण नए पैनल में उनके नाम शामिल नहीं हो सकेंगे।
हालांकि प्रशासनिक गलियारों में छह महीने के एक्सटेंशन की संभावना पर भी चर्चा है। यदि केंद्र सरकार मकवाना का कार्यकाल मई 2027 तक बढ़ाती है तो 1 जून 2027 की स्थिति में नए DGP के चयन के लिए पैनल तैयार होगा। इस स्थिति में 30 नवंबर 2027 से पहले रिटायर होने वाले अधिकारी दौड़ से बाहर हो जाएंगे। इसका सीधा असर 1991 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी उपेंद्र कुमार जैन पर पड़ेगा। वे फिलहाल EOW के DG हैं और 31 अगस्त 2027 को रिटायर होंगे। छह महीने के एक्सटेंशन की स्थिति में उनकी सेवा केवल तीन महीने शेष रहेगी और वे पैनल में जगह नहीं बना पाएंगे।
दोनों संभावित स्थितियों में 1991 बैच की प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की दावेदारी बरकरार रहेगी। वे वर्तमान में होमगार्ड और SDERF की DG हैं। उनका रिटायरमेंट 29 फरवरी 2028 को होना है। ऐसे में छह महीने के एक्सटेंशन की स्थिति में उपेंद्र जैन के बाहर होने के बाद वे वरिष्ठता क्रम में सबसे आगे आ सकती हैं। इससे मध्य प्रदेश को पहली महिला DGP मिलने की संभावना भी मजबूत हो सकती है।
1992 बैच के पंकज कुमार श्रीवास्तव भी दोनों स्थितियों में दावेदार बने रहेंगे। उनका रिटायरमेंट 31 दिसंबर 2027 को है। छह महीने के एक्सटेंशन के बाद प्रज्ञा ऋचा के साथ पंकज कुमार श्रीवास्तव और आदर्श कटियार के नाम भी प्रमुखता से सामने आ सकते हैं।
तीन महीने के एक्सटेंशन की स्थिति में उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा समेत नौ अधिकारियों के नाम प्रस्ताव में शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें पंकज कुमार श्रीवास्तव आदर्श कटियार अनिल कुमार रवि गुप्ता अनंत कुमार सिंह मनमीत सिंह नारंग और देव प्रकाश गुप्ता भी शामिल हैं। इन नामों में से UPSC तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजेगा। ऐसे में अब सबकी नजर कैलाश मकवाना के एक्सटेंशन पर टिकी है क्योंकि इसी फैसले से नए DGP की नियुक्ति और वरिष्ठ IPS अधिकारियों की दावेदारी का भविष्य तय होगा।
