सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने लिया तत्काल संज्ञान
झांसी। जिंदा चूहे के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है। घटना का वीडियो 28 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के संज्ञान में आया था। वीडियो में कुछ लोग एक जिंदा चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग के हवाले करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पशु क्रूरता को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिक कुरैशी और शफीक के रूप में हुई है। चारों आरोपी ओरछा गेट, थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
