सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
झांसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि शिविर सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेंगे। प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी और मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे।
आवेदन के लिए नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। अधिकारियों को शिविरों का निरीक्षण करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। डुगडुगी बजवाकर भी लोगों को शिविर की जानकारी दी जाएगी। निर्धारित समय से पहले बूथ बंद करने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम नहीं होने पर पंजीकरण कराने की अपील की है।
