दादी के लौटने पर खुला वारदात का राज, आंगन में खून से लथपथ मिला शव
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर स्थित आईटीआई इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े कक्षा नौ की छात्रा चंचल रायकवार (19) की गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के समय वह घर में अकेली थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दादी शीला घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब भीतर से कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दीवार के ऊपर से अंदर झांका गया। आंगन में चंचल खून से लथपथ मृत पड़ी थी। उसकी कनपटी से खून बह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी विकास कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और स्वाट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है।

घर में अकेली थी चंचल
आईटीआई निवासी सोमी रायकवार का परिवार मूल रूप से ग्राम खोड़न का रहने वाला है। चंचल आईटीआई स्थित मकान में अपनी दादी के साथ रहती थी। बुधवार को दादी किसी काम से बाहर गई थीं। इसी दौरान चंचल घर में अकेली थी। उनके लौटने पर वारदात का पता चला। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण दादी ने पड़ोसियों को बुलाया और दीवार के ऊपर से घर के अंदर देखा, जहां छात्रा का शव पड़ा मिला।

पुरानी रंजिश का पहलू भी जांच में
पुलिस की जांच में परिवार की खोड़न निवासी एक व्यक्ति से पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते चंचल को दादी के साथ आईटीआई स्थित मकान में रखा गया था। पुलिस इस रंजिश को भी वारदात के संभावित कारण के तौर पर जांच के दायरे में रखे हुए है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हत्या की वजह और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
प्रेम संबंध का भी सामने आया मामला
एसएसपी विकास कुमार के अनुसार, मृतका के पिता सोनू ने पुलिस को बताया कि एक युवक उनकी पुत्री से प्रेम करता था। परिजनों द्वारा विवाह अन्यत्र तय किए जाने से वह नाराज था। आशंका जताई गई है कि उक्त युवक दीवार के सहारे पिछले रास्ते से घर में घुसा और गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
चार पुलिस टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फायर आर्म इंजरी का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
