मुक्ता काशी मंच पर जनसभा के बाद ढोल नगाड़ों की थाप व गगनभेदी नारों के साथ दाखिल किया नामांकन
झांसी। प्रयागराज-झांसी स्नातक विधान परिषद निर्वाचन में भाजपा समर्थित एनडीए प्रत्याशी अशोक राठौर के नामांकन से पहले आयोजित जनसभा के दौरान मंगलवार को झांसी में भाजपा ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। जनसभा में 7 मंत्रियों समेत दर्जनों पूर्व मंत्री,विधायक,एमएलसी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यहां मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित जनसभा में हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। ढोल-नगाड़ों और पार्टी के समर्थन में लगे नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अशोक राठौर को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया।

जनसभा में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष रामकिशोर साहू, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्र प्रभारी शंकर सिंह लोधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, मंत्री मनोज पांडेय और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय,मंत्री अजीत पाल,राज्यमंत्री मन्नू लाल कोरी,मंत्री कृष्णा पासवान सहित कई पूर्व मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को मजबूत करना जरूरी है। वक्ताओं ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल प्रत्याशी चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षित समाज की आवाज को विधान परिषद तक पहुंचाने का अवसर है।
सपा पर हमला बोलते हुए भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए और कहा कि जनता कथित भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था को भूली नहीं है। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता एनडीए के साथ खड़ी है।
दोपहर करीब 1:30 बजे अशोक राठौर समर्थकों के साथ झांसी कमिश्नरी पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। जुलूस में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भाजपा-एनडीए जिंदाबाद’ के नारों से माहौल चुनावी रंग में नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, रमा निरंजन, विधायक रामरतन कुशवाहा, मूलचंद्र निरंजन, गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, झांसी महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष रानू देवलिया ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
कुल 11 लोगों ने किए नामांकन
झांसी-इलाहाबाद स्नातक एमएलसी के लिए आज अंतिम दिन तक कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें सपा से मानसिंह व भाजपा समर्थित अशोक राठौर ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा शिवशंकर पटेल, सारिका, राहुल कनकने, राज कुमार, प्रीतम कुमार, रमेश चंद्र कुशवाहा, आलोक दुबे, शैलेन्द्र कुमार, देवेश कुमार सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया है।
