झांसी। ग्वालियर रोड स्थित अंसल बसेरा एस्टेट की रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी (आरडब्ल्यूएस) की नई प्रबंध समिति का चुनाव संपन्न हो गया। लंबे समय से कॉलोनी के सदस्य समिति के चुनाव कराने की मांग कर रहे थे। सदस्यों की मांग को देखते हुए रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स, झांसी मंडल की ओर से चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति के पदाधिकारियों को निर्वाचित घोषित किया गया। इसमें राजेंद्र यादव को अध्यक्ष, जबकि जगत नारायण शिवहरे, राजेश कुमार साहू और डॉ. संजय कुमार सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। उमेश कुमार करौरिया को सचिव, सुरेंद्र मोहन बसेड़िया को उपसचिव तथा सौरभ गुप्ता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नई प्रबंध समिति के गठन के बाद कॉलोनी के सदस्यों में उत्साह देखा गया। सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। समिति के गठन से कॉलोनी की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान और सदस्यों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की उम्मीद जताई गई।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए सोसाइटी के हित में मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कॉलोनी के विकास और सदस्यों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की बात कही।
