बबीना क्षेत्र में 101 कन्याओं का सर्वजातीय विवाह सम्मेलन होगा आयोजित
झांसी। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ वीरू भैया बबीना विधानसभा क्षेत्र में 5 अक्टूबर सोमवार से करीब 20 दिवसीय ‘आपका सेवक आपके द्वार’ जनसंवाद यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। यात्रा के दौरान वह विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों, किसानों, युवाओं और बहन-बेटियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे और समाधान के लिए उन्हें उचित स्तर तक पहुंचाएंगे।
स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनसंवाद यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिदिन आठ से दस गांवों में जनसंपर्क का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जो समस्याएं उनके स्तर पर हल हो सकेंगी, उनका निस्तारण वह स्वयं कराने का प्रयास करेंगे। वहीं, बड़ी समस्याओं और ऐसे मामलों को शीर्ष नेतृत्व के संज्ञान में लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान में उनकी टीम भी उनके साथ रहेगी।
वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। जिस गांव में रात हो जाएगी, वहीं रात्रि विश्राम किया जाएगा। अगले दिन सुबह गांव के मंदिर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया जाएगा। इसके बाद टीम अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगी।
उन्होंने बताया कि बबीना विधानसभा क्षेत्र के चिरगांव में जल्द ही 101 कन्याओं का सर्वजातीय विवाह सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन की तिथि अभी तय नहीं हुई है। तैयारियां पूरी होने के बाद जल्द ही तिथि की घोषणा की जाएगी।
