सबसे पहले Google Account में 2 Step Verification को जरूर ऑन करना चाहिए। यह अकाउंट की सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी फीचर्स में से एक है। इसे एक्टिव करने के बाद केवल पासवर्ड डालकर अकाउंट में लॉगिन नहीं किया जा सकता। लॉगिन के दौरान अतिरिक्त वेरिफिकेशन की जरूरत होती है। इसका फायदा यह है कि अगर किसी व्यक्ति को आपका पासवर्ड पता भी चल जाए तो उसके लिए सीधे आपके अकाउंट में प्रवेश करना आसान नहीं होगा। इसलिए जिन लोगों ने अभी तक 2 Step Verification एक्टिव नहीं किया है उन्हें इसे जल्द शुरू कर देना चाहिए।
इसके बाद Security Checkup करना भी जरूरी है। Google Account में मौजूद यह फीचर अकाउंट से जुड़ी सुरक्षा गतिविधियों की जांच करने में मदद करता है। यहां यह देखा जा सकता है कि आपका अकाउंट किन डिवाइस पर लॉगिन है और किन ऐप्स या सर्विस को आपके Google Account तक पहुंच मिली हुई है। अगर सूची में कोई अनजान डिवाइस नजर आता है या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अनजान डिवाइस से तुरंत साइन आउट करना बेहतर रहता है।
Google Account का पासवर्ड भी सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। अगर आपका पासवर्ड काफी पुराना है या आप उसी पासवर्ड का इस्तेमाल दूसरी वेबसाइटों और ऐप्स पर भी करते हैं तो इसे बदलने का समय आ गया है। एक ही पासवर्ड कई जगह इस्तेमाल करने से किसी दूसरी वेबसाइट का डेटा लीक होने पर आपका Google Account भी जोखिम में आ सकता है। इसलिए मजबूत और अलग पासवर्ड रखना ज्यादा सुरक्षित तरीका है।
इसके अलावा Google Account से जुड़े थर्ड पार्टी ऐप्स की Access भी समय समय पर चेक करनी चाहिए। कई बार किसी ऐप या वेबसाइट पर जल्दी लॉगिन करने के लिए हम Google Account से साइन इन कर देते हैं और उसे दी गई परमिशन बाद में भूल जाते हैं। ऐसे सभी ऐप्स और वेबसाइट की सूची देखकर उन सेवाओं की Access हटा देनी चाहिए जिनका अब इस्तेमाल नहीं किया जाता। इससे अनावश्यक डेटा एक्सेस का खतरा कम हो सकता है।
अकाउंट का Recovery Phone Number और Recovery Email भी हमेशा अपडेट रखना चाहिए। पासवर्ड भूल जाने या अकाउंट में किसी समस्या के दौरान यही दोनों विकल्प अकाउंट को दोबारा हासिल करने में मदद कर सकते हैं। इसलिए यह जरूर जांचें कि Recovery Phone आपका चालू नंबर हो और Recovery Email भी ऐसा हो जिसे आप नियमित रूप से इस्तेमाल करते हों।
इन पांच सेटिंग्स को अपडेट करके Google Account की सुरक्षा को काफी बेहतर बनाया जा सकता है। खासतौर पर 2 Step Verification Security Checkup मजबूत पासवर्ड थर्ड पार्टी Access और Recovery Details की नियमित जांच करना जरूरी है। कुछ मिनट देकर इन सेटिंग्स को देख लेना भविष्य में अकाउंट और निजी डेटा से जुड़ी परेशानी से बचाने में मदद कर सकता है।
