झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। परशुराम चौक के पास कार ने एक के बाद एक ई-रिक्शा, कार और बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में जन्मदिन मनाने आए एक परिवार के पांच सदस्यों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
आइसक्रीम खाने रुका था परिवार, तभी हुआ हादसा
सीपरी बाजार निवासी प्रियांशु सोमवार रात परिवार के पांच सदस्यों के साथ जन्मदिन मनाने परशुराम चौक के पास आया था। परिवार के लोग वहां आइसक्रीम खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए। इसके अलावा कार की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक और बाइक सवार समेत अन्य लोग भी घायल हुए। हादसे में कुल 11 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
सड़क पर मची चीख-पुकार
अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में एक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है।
नगर निगम गेट के पास पकड़ा गया आरोपी चालक
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने उसे नगर निगम के गेट के पास से पकड़ लिया। आरोपी की पहचान चिरगांव निवासी शिवान के रूप में हुई है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए नवाबाद थाने लेकर आई। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी कार चालक को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
