झांसी। भारतीय कलाकार संघ के प्रदेश संरक्षक एवं आदरणीय पेंटर चौधरी संतराम जी (झांसी, उत्तर प्रदेश) को भारतीय कलाकार संघ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कलाकारों में हर्ष की लहर है।
चौधरी संतराम जी वर्तमान में समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य सलाहकार समिति के सदस्य तथा भारतीय कलाकार संघ के प्रदेश संरक्षक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कला एवं कलाकारों के हितों के लिए उनके निरंतर प्रयास, सक्रिय सहभागिता और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई है।
भारतीय कलाकार संघ के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर चौधरी संतराम जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं अनुभव से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा देशभर के कलाकारों के हितों और अधिकारों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि चौधरी संतराम जी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से भारतीय कलाकार संघ को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी और कलाकारों को एकजुट कर कला एवं कलाकारों के विकास के लिए संगठन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर भारतीय कलाकार संघ, उत्तर प्रदेश की ओर से चौधरी संतराम जी को हार्दिक बधाई एवं उनके सफल, यशस्वी और गौरवपूर्ण कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
