7176 में 6234 अभ्यर्थी हुए शामिल, 942 ने छोड़ी परीक्षा
झांसी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य लिखित परीक्षा रविवार को जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 7176 अभ्यर्थियों में 6234 उपस्थित रहे, जबकि 942 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह 86.87 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में आयोजित हुई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से भी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने एसपीआई इंटर कॉलेज, एलवीएम इंटर कॉलेज और सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने प्रवेश पत्रों का सत्यापन कराने के साथ केंद्रों पर बने कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी।
परीक्षा के दौरान सभी 18 स्टेटिक और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मौजूद रहे। जनपद में धारा 163 के प्रावधानों का भी सख्ती से पालन कराया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास धरना, प्रदर्शन, जुलूस और जनसभा पर रोक रही। फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहीं।
अपर जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। इस दौरान आयोग सदस्य राजवंत सिंह यादव समेत संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
