सबसे बड़ा बदलाव ग्रुप चैट में आया है जहां अब यूजर्स केवल एक कमांड की मदद से पूरे ग्रुप को एक साथ नोटिफाई कर सकेंगे। नए @all फीचर के जरिए अब हर सदस्य को अलग अलग टैग करने की जरूरत नहीं होगी। केवल @all लिखते ही पूरे ग्रुप के सभी सदस्यों तक संदेश पहुंच जाएगा। यह फीचर खासतौर पर बड़े ग्रुप्स में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के लिए काफी मददगार रहेगा और जरूरी संदेश किसी सदस्य से छूटने की संभावना भी कम हो जाएगी।
WhatsApp ने ग्रुप मैनेजमेंट को भी पहले से ज्यादा आसान बना दिया है। अब किसी मौजूदा ग्रुप के चुने हुए सदस्यों के साथ नया ग्रुप तैयार किया जा सकेगा। पहले ऐसा करने के लिए सभी सदस्यों को एक एक करके जोड़ना पड़ता था लेकिन अब यह काम कुछ ही सेकंड में पूरा किया जा सकेगा। यह सुविधा उन लोगों के लिए खास उपयोगी होगी जो बड़े ग्रुप के भीतर किसी विशेष विषय पर अलग चर्चा करना चाहते हैं।
कंपनी ने Poll फीचर में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब यूजर पोल बनाते समय उसके लिए End Time तय कर सकेगा। निर्धारित समय पूरा होने के बाद कोई भी सदस्य वोट नहीं दे पाएगा। यह सुविधा मीटिंग प्लानिंग इवेंट आयोजन और समूह में निर्णय लेने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाएगी।
WhatsApp ने Anonymous Voting का फीचर भी जोड़ा है। इसके तहत पोल में वोट देने वाले सदस्य की पहचान अन्य लोगों को दिखाई नहीं देगी। इससे लोग बिना किसी दबाव या झिझक के अपनी राय दे सकेंगे। यह फीचर विशेष रूप से उन ग्रुप्स के लिए उपयोगी माना जा रहा है जहां निष्पक्ष मतदान जरूरी होता है।
एक और बड़ा बदलाव Poll Edit फीचर के रूप में आया है। अब पोल बनाने वाला यूजर 15 मिनट तक अपने सवाल या विकल्पों में बदलाव कर सकेगा। यदि टाइपिंग में कोई गलती हो गई हो या सवाल को और स्पष्ट बनाना हो तो निर्धारित समय के भीतर उसे आसानी से संपादित किया जा सकेगा।
बड़े ग्रुप्स में अनावश्यक नोटिफिकेशन से बचाने के लिए कंपनी ने कुछ सीमाएं भी तय की हैं। जिन ग्रुप्स में 32 से अधिक सदस्य होंगे वहां @all फीचर का उपयोग केवल ग्रुप एडमिन ही कर सकेंगे। इससे सभी सदस्यों को बार बार गैर जरूरी अलर्ट मिलने से बचाया जा सकेगा। यदि किसी यूजर ने ग्रुप म्यूट कर रखा है तब भी @all के जरिए भेजे गए जरूरी संदेश का नोटिफिकेशन मिल सकता है। हालांकि यूजर्स चाहें तो सेटिंग्स में जाकर ऐसे नोटिफिकेशन को भी अलग से बंद कर सकते हैं।
इन नए फीचर्स के साथ WhatsApp ने यह साफ कर दिया है कि वह केवल मैसेजिंग ऐप नहीं बल्कि बेहतर डिजिटल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। आने वाले समय में भी यूजर्स को ऐसे कई नए और स्मार्ट फीचर्स देखने को मिल सकते हैं।
