झांसी/टहरौली। फ्यूचरकुल डिग्री कॉलेज, धामना खुर्द, टहरौली में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी एवं 3/56 यूपी बटालियन एनसीसी, झाँसी के संयुक्त तत्वावधान में “डिफेन्स आवर – ग्रीन लेगेसी फेस्टिवल” के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, मातृत्व के सम्मान तथा युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल प्रशांत कक्कड़, कमांडिंग ऑफिसर, 56 यूपी बटालियन एनसीसी, झाँसी ने कहा कि “‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधरोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। एनसीसी कैडेट्स इस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
विशिष्ट अतिथि प्रो. (मेजर) एस. के. कबिया, निदेशक, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी), बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पौधे का संरक्षण भी हमारी प्राथमिकता बने। इस दौरान प्रो. कविया जी ने कहायदि जीवन में महान बनना है, तो स्वयं को उस पत्थर की तरह तैयार कीजिए जो बार-बार छैनी और हथौड़ी की चोट सहकर मंदिर में पूजनीय भगवान की प्रतिमा बन जाता है।
जो व्यक्ति संघर्ष, कठिनाइयों और आलोचनाओं की चोटों को धैर्यपूर्वक सह लेता है, वही ‘शंकर’ बनकर पूजनीय होता है। लेकिन जो इन चोटों से घबरा जाता है, वह साधारण कंकड़-पत्थर बनकर राहों में बिखर जाता है। इसलिए चुनौतियों से मत डरिए, उन्हें स्वीकार कीजिए, क्योंकि वही आपको महान बनाती हैं। फ्यूचरकुल डिग्री कॉलेज की निदेशक डॉ. काजल ने अपने संबोधन में कहा कि “महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों को विशेष महत्व दिया जाता है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान युवाओं को प्रकृति से जोड़ने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक छात्र-छात्रा को एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में 56 यूपी बटालियन एनसीसी, झाँसी के सूबेदार मेजर ओमवीर सिंह, डॉ. रामजी यादव, बृजेंद्र यादव, हेमंत चंद्र, सुश्री ऋतिक यादव, शशांक, राहुल द्विवेदी, चंद्रभान प्रजापति, जितेंद्र कुमार, चंद्रप्रकाश, लोकेश विश्वकर्मा, दिव्यांश मिश्रा, ईश परमार, नकुल झा, ऋषि चंद्र उपाध्याय सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
