झांसी। शहर के सीपरी ओवरब्रिज पर गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार के आर्य कन्या चौराहा निवासी 22 वर्षीय रूद्राक्ष बाजपेई, पुत्र देवराज बाजपेई, स्कूटी से इलाइट चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीपरी ओवरब्रिज पर सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक पर रानी लक्ष्मीनगर रेलवे कॉलोनी निवासी सक्षम अपने मित्र बरुआसागर निवासी सोमिल के साथ सवार था। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने रूद्राक्ष बाजपेई और सक्षम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमिल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
