झांसी। झांसी के नैनागढ़ चौकी प्रभारी का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबी जीटीएस मूर्ति ने चौकी प्रभारी हरीकृष्ण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
करीब 22 सेकंड के वायरल वीडियो में चौकी प्रभारी हरीकृष्ण एक ऑटो में बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में आसपास मौजूद लोग उनसे बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह स्पष्ट रूप से जवाब नहीं दे पा रहे हैं। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि वह शराब के नशे में थे।
जानकारी के अनुसार, हरीकृष्ण को करीब दो महीने पहले ही नैनागढ़ चौकी का प्रभारी बनाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
