झांसी। झांसी नगर निगम ने शहर में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की निविदा जारी कर दी है। अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत प्रस्तावित इन कार्यों की निविदा प्रक्रिया अगस्त में पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
नगर निगम के अनुसार, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों की ओर से सड़क, नाली, नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की लगातार मांग की जा रही थी। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किए गए और अलग-अलग योजनाओं के तहत कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं।
अलग-अलग योजनाओं से होगा विकास
नगर निगम ने बताया कि अवस्थापना निधि से 29.37 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत 10.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग और अन्य मदों से भी निर्माण और विद्युतीकरण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने बताया कि उपलब्ध बजट के अनुरूप निविदाएं जारी कर दी गई हैं और अगस्त में प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यों का क्रियान्वयन शुरू कर दिया जाएगा।
जमीनी रिपोर्ट के बाद तैयार हुई कार्ययोजना
नगर निगम ने सड़क, नाला और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर जोनवार अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली। एनकैप के तहत प्रस्तावित कुछ कार्यों पर पार्षदों की आपत्तियों के बाद सूची में संशोधन किया गया और उनकी जगह आवश्यक नए कार्य शामिल किए गए।
इन प्रमुख परियोजनाओं पर होगा काम
– 10 से अधिक पिछड़े वार्डों में कच्ची सड़कों को पक्का किया जाएगा।
– कई क्षेत्रों में पहली बार पक्की सड़कें बनाई जाएंगी।
– सड़क बाजार में आधुनिक फूड वैली विकसित की जाएगी, जहां एक जैसी दुकानों और बैठने की सुविधा होगी।
– झलकारीबाई तिराहा, कचहरी चौराहा, अग्रसेन चौक और संत गाडगे सहित आठ प्रमुख चौराहों का करीब दो करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
– शहर के कई स्थानों पर पुराने बिजली पोल हटाकर नए डेकोरेटेड पोल लगाए जाएंगे।
– कान्हा उपवन समेत अन्य स्थानों पर सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिससे ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।
