अलीगढ़। शहर के दुबे के पड़ाव स्थित मीनाक्षी पुल के नीचे संचालित एक आइस फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अमोनिया गैस का रिसाव होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस की तेज गंध फैलने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक गुप्ता आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में इसकी तीखी गंध आसपास के क्षेत्र में फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गांधी पार्क थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने रिसाव वाले स्थान का निरीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाकर गैस के रिसाव को नियंत्रित कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री संचालक अभिषेक अग्रवाल को सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर फटकार लगाई। उन्हें भविष्य में सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि कर्मचारियों और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाकों के आसपास संचालित औद्योगिक इकाइयों की नियमित सुरक्षा जांच कराई जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
