नई दिल्ली । चित्रकूट धाम मंडल के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी अजीत कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में श्रावण मास मेले की तैयारियों, कानून व्यवस्था और शासन की प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों और जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर पिछड़ रहे विभाग अपनी रैंकिंग में शीघ्र सुधार करें तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, जल जीवन मिशन, भवन एवं सड़क निर्माण, पर्यटन, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, पोषण अभियान, कन्या सुमंगला योजना, ग्रामीण स्टेडियम, सेतु निर्माण, श्रम एवं सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त ने कृषि विभाग को ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के अंतर्गत किसानों के क्लस्टर तैयार कर अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी खाद केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने, निर्धारित मूल्य सूची प्रदर्शित करने और टोकन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। बिजली व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, विद्युत बिलिंग और मीटर रीडिंग प्रणाली में सुधार करने, निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश नहीं दिखाई देने चाहिए और संबंधित विभाग इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करें।
स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी संचालन, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (बीएचएसएनडी) सत्रों का नियमित आयोजन करने के निर्देश दिए गए। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन को प्रमुख शिव मंदिरों, रामघाट और अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
आयुक्त ने जिला पंचायत राज विभाग और नगर निकायों को श्रावण मेले के दौरान शिव मंदिरों, रामघाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, भूमि विवादों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से सुलझाने तथा पर्व-त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि श्रावण मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक सुचारु रूप से पहुंच सके।
