नई दिल्ली । बांदा में अखिल भारतवर्षीय श्री अयोध्यावासी वैश्य महासभा की संगठनात्मक बैठक श्री अयोध्यावासी राम मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत ईश्वर वंदना और उपस्थित सदस्यों के परिचय के साथ हुई। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, समाज की एकजुटता बढ़ाने तथा सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समाज के विभिन्न मुद्दों पर सदस्यों ने अपने विचार रखे और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए।
बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्यों की सर्वसम्मति से संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। अंकित बासु को जिला अध्यक्ष, नंदिनी गुप्ता को महिला जिला अध्यक्ष तथा आशीष गुप्ता को नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सक्रिय होकर समाजहित में कार्य करेगा।
राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष प्रभा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके मजबूत और संगठित ढांचे पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से समाज की आवाज विभिन्न स्तरों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है और सामाजिक हितों की बेहतर पैरवी संभव होती है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को भी संगठन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया और समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में अर्जुन प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जनपद में अयोध्यावासी वैश्य समाज की अच्छी संख्या होने के बावजूद राजनीतिक प्रतिनिधित्व अपेक्षित स्तर पर नहीं है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि समाज की जनसंख्या के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए एकजुट प्रयास आवश्यक हैं।
संतोष अनशनकारी ने समाज की एकता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। वहीं अयोध्यावासी वैश्य राम मंदिर प्रबंध समिति के रामचन्द्र गुप्ता बउआ और रामचन्द्र गुप्ता चंदी ने समाज के लोगों से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में अशोक गुप्ता, कल्पना वृन्दावन वैश्य, मनीष गुप्ता, सत्येन्द्र गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता (संतू), सुरेश कुमार गुप्ता (ठेकेदार), दिलीप गुप्ता, सौरभ गुप्ता, सुरेश कान्हा, दिनेश गुप्ता, राकेश दद्दू, आशीष गुप्ता, अंकित बासु, नंदिनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
