मथुरा। मथुरा के जैत थाना क्षेत्र के गांव राल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरी कक्षा के छात्र की स्कूल बस से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने इंटर कॉलेज पहुंचकर जमकर हंगामा किया और कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, पेलखू गांव निवासी नितिन, पुत्र गंगदेव, राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा दो का छात्र था। वह रोज की तरह गुरुवार सुबह स्कूल बस से कॉलेज पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में था। छात्र के पूरी तरह बस से उतरने से पहले ही चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे छात्र बस के नीचे आ गया और गंभीर रूप से कुचल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग कॉलेज परिसर पहुंच गए और मुख्य गेट, खिड़कियों के शीशे समेत अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार बस चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
