पीलीभीत । पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह एक पैरामेडिकल छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सहपाठी छात्र सागर सिंह ने छात्रा कशिश पटेल पर ताबड़तोड़ हमला किया। बचाने आई एक महिला कर्मचारी भी इस हमले में घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल छात्रा को बरेली रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना जिला अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन रूम में हुई। हमले के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में पैरामेडिकल छात्राएं धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने आरोपी छात्र सागर सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया है।
सीटी स्कैन रूम में हुई वारदात
मंगलवार सुबह जिला अस्पताल परिसर के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने बरेली निवासी छात्रा कशिश पटेल पर अचानक हमला किया। हमले से छात्रा के घायल होते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। छात्रा को बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। निधि भी इस हमले में घायल हो गईं। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
उपचार के दौरान छात्रा की मौत
गंभीर रूप से घायल कशिश पटेल को तत्काल बरेली रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने इमरजेंसी से एंबुलेंस तक सुरक्षा घेरा बनाया। लोगों को घटना की तस्वीरें और वीडियो बनाने से रोका गया। बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मेडिकल कॉलेज परिसर में पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं धरने पर बैठ गईं।
कर्मचारियों ने आरोपी को दबोचा
घटना के बाद शोर-शराबा सुनकर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी सागर सिंह को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
