मुख्यमंत्री बोले- अयोध्या, काशी और प्रयागराज की तर्ज पर होगा समग्र विकास
चित्रकूट। मुख्यमंत्री ने बुधवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में जिले को 951 करोड़ रुपये से अधिक की 124 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सड़क, पुल, पर्यटन, शिक्षा, खेल, औद्योगिक प्रशिक्षण और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ईको टूरिज्म का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा तथा इसका विकास अयोध्या, काशी और प्रयागराज की तर्ज पर होगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और निर्माणाधीन एयरपोर्ट से पर्यटन व निवेश को नई गति मिलेगी। रामघाट, कामदगिरि, गुप्त गोदावरी, देवांगना घाटी और रानीपुर टाइगर रिजर्व सहित प्रमुख स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर, बेहतर कानून व्यवस्था और सरकारी योजनाओं से रोजगार व निवेश बढ़ेगा तथा चित्रकूट विकास और विरासत का नया मॉडल बनेगा।
