झांसी। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, प्रमुख सचिव एम.के. अग्रवाल तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में परीक्षा परिणाम जारी किया। विश्वविद्यालय ने रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करते हुए परिणाम घोषित किया।

राज्य स्तरीय इस परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को प्रदेश के 72 जिलों के 1011 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कराया गया था। परीक्षा में कुल 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 2,72,659 महिलाएं, 1,72,297 पुरुष और 2 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। पहली पाली में 4,00,499 तथा दूसरी पाली में 4,00,756 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दोनों पालियों में लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा की निगरानी के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में हाईटेक कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। 22 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों, 5651 बायोमेट्रिक मशीनों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन और रियल टाइम बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम का उपयोग किया गया। विश्वविद्यालय ने प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग कर परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने का दावा किया है।

परीक्षा के दौरान केवल चार अभ्यर्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए गए। अनुचित साधन प्रयोग समिति की संस्तुति पर इन सभी का परिणाम निरस्त कर दिया गया।
परिणाम के अनुसार कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई है। इनमें 2,46,494 महिला, 1,53,612 पुरुष तथा 1 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। कला वर्ग के 2,48,452, विज्ञान वर्ग के 1,28,018, वाणिज्य वर्ग के 20,514 और कृषि वर्ग के 3,771 अभ्यर्थियों को रैंक प्रदान की गई।
टॉप-10 अभ्यर्थियों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। वंदना सिंह (अलीगढ़) ने विज्ञान वर्ग से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर नितिन पचौरी (अलीगढ़) और तीसरे स्थान पर खुशी अजय मिश्रा (जौनपुर) रहीं।
इस अवसर पर प्रो. मुकेश पाण्डेय ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और कड़ी निगरानी के चलते परीक्षा पूरी शुचिता, पारदर्शिता और गोपनीयता के साथ सम्पन्न कराई गई।
