41 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के बावजूद मार्को रूबियो करीब 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने पत्नी के साथ मशहूर डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाई। उनकी पत्नी जेनेट ने ताजमहल को देखकर कहा कि यह बेहद खूबसूरत है।
दौरे के दौरान गाइड नितिन सिंह ने उन्हें ताजमहल की नक्काशी और इतिहास के बारे में जानकारी दी, जिस पर उन्होंने कई सवाल भी पूछे। दोनों ने काले चश्मे के साथ परिसर का अवलोकन किया। ताजमहल विजिट के बाद रूबियो प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल अमर विलास पहुंचे, जहां उन्होंने लंच किया और फिर जयपुर के लिए रवाना हो गए।
सुरक्षा कारणों से ताजमहल परिसर में आम पर्यटकों की एंट्री कुछ समय के लिए रोक दी गई थी और अंदर मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाला गया।
वहीं विजिटर बुक में मार्को रूबियो ने लिखा कि ताजमहल “दुनिया के सच्चे खजानों में से एक” है और इसे देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया।
यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद बढ़ा हुआ है। माना जा रहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करना है।
