प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और लोहे की जाली से टकराते हुए जमीन पर आ गिरा। मौके पर मौजूद उसके माता-पिता ने दौड़कर उसे उठाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक बच्चा अपने परिवार के साथ फिरोजाबाद से आगरा घूमने आया था। सुबह ताजमहल देखने के बाद परिवार ताजगंज चौपाटी पहुंचा था, जहां बच्चे ने जिप लाइन करने की जिद की। परिजनों की अनुमति के बाद वह झूले पर चढ़ा था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जिप लाइन संचालन को तत्काल बंद कर दिया गया। संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा उपकरणों और संचालन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पर्यटक स्थलों पर एडवेंचर गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
