गुरसरांय थाना क्षेत्र के परसुवा गांव में रास्ता हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 22 मई 2026 की रात करीब 8:50 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राहुल प्रजापति ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोग खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, जिससे मार्ग बाधित हो गया। राहुल ने जब उनसे रास्ता हटने को कहा, तो इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान गांव के ही प्रजेश उर्फ पप्पू पुजारी (पुत्र स्व. रामकिशोर) पर आरोप है कि वह नाराज हो गया और घर से कट्टा लेकर आया। इसके बाद उसने राहुल पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली राहुल के कंधे में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घायल युवक को परिजन तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने झांसी रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
