महज 18 साल की उम्र में 2010 में ब्राजील की राष्ट्रीय टीम से डेब्यू करने वाले नेमार ने बहुत कम समय में खुद को दुनिया के सबसे खतरनाक और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल कर लिया था। उनकी तुलना फुटबॉल के दिग्गज Lionel Messi और Cristiano Ronaldo से होने लगी। शानदार ड्रिब्लिंग, तेज रफ्तार, बेहतरीन फिनिशिंग और आक्रामक खेल शैली ने उन्हें करोड़ों फैंस का पसंदीदा बना दिया।
नेमार ने ब्राजील के लिए अब तक 128 मैचों में 79 गोल दागे हैं और वह टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। 2016 ओलंपिक में उन्होंने ब्राजील को पहला फुटबॉल गोल्ड मेडल दिलाकर इतिहास रचा था। इसके अलावा वे 2014, 2018 और 2022 फीफा विश्व कप में भी ब्राजील का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
क्लब फुटबॉल में भी नेमार का करियर बेहद शानदार रहा। 2013 से 2017 तक वे FC Barcelona के लिए खेले, जहां उन्होंने कई बड़े खिताब जीते। इसके बाद 2017 में वे रिकॉर्ड ट्रांसफर फीस के साथ Paris Saint-Germain F.C. में शामिल हुए और फुटबॉल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। 2023 में वे Al Hilal SFC पहुंचे, लेकिन चोटों के कारण वहां ज्यादा मैच नहीं खेल सके। फिलहाल वे अपने पुराने क्लब Santos FC के लिए खेल रहे हैं।
हालांकि 2018 के बाद से चोटें नेमार के करियर की सबसे बड़ी दुश्मन बन गईं। अक्टूबर 2023 के बाद वे ब्राजील के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए थे। यही वजह थी कि विश्व कप 2026 की टीम में उनकी जगह को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। लेकिन चयनकर्ताओं ने अनुभव और मैच विनिंग क्षमता को देखते हुए उन पर भरोसा जताया।
ब्राजील अब तक रिकॉर्ड 5 बार फीफा विश्व कप जीत चुका है, लेकिन टीम ने आखिरी बार 2002 में खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में 2026 विश्व कप में नेमार के पास इतिहास रचने और अपने करियर को यादगार अंत देने का सुनहरा मौका होगा।
