नई दिल्ली। Mercedes-Benz ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय लग्जरी SUV Mercedes-Benz GLE और Mercedes-Benz GLS के नए नाइट एडिशन लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी इन्हें ग्लोबल लिमिटेड-रन सीरीज के तहत पेश कर रही है। शानदार डिजाइन, दमदार इंजन और प्रीमियम फीचर्स से लैस ये SUV लॉन्च होते ही चर्चा में आ गई हैं।
कंपनी ने GLE 300d नाइट एडिशन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.05 करोड़ रुपये रखी है। वहीं GLE 450 नाइट एडिशन की कीमत 1.14 करोड़ रुपये तय की गई है। दूसरी ओर GLS 450 नाइट एडिशन की कीमत 1.41 करोड़ रुपये और GLS 450d नाइट एडिशन की कीमत 1.43 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
नई नाइट एडिशन SUV को खास बनाने के लिए कंपनी ने इनके डिजाइन और इंटीरियर में कई एक्सक्लूसिव बदलाव किए हैं। दोनों मॉडल्स को ऑब्सीडियन ब्लैक और एल्पाइन ग्रे कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। खास बात यह है कि एल्पाइन ग्रे कलर केवल नाइट एडिशन में ही उपलब्ध होगा और इसे स्टैंडर्ड मॉडल्स में नहीं दिया गया है।
इंटीरियर की बात करें तो दोनों SUV में ब्लैक नैप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री और एंथ्रासाइट ओपन पोर ओक वुडन ट्रिम दिया गया है, जो इन्हें और ज्यादा प्रीमियम फील देता है। इसके अलावा दोनों नाइट एडिशन वेरिएंट में हेड-अप डिस्प्ले स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर शामिल किया गया है।
GLE नाइट एडिशन में कंपनी ने एयरमैटिक सस्पेंशन भी दिया है, जो ड्राइविंग को ज्यादा आरामदायक और स्मूद बनाता है। कंपनी का दावा है कि यह फीचर SUV को शानदार राइड क्वालिटी और बेहतर रोड प्रेजेंस देता है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो GLE 300d नाइट एडिशन में 2.0 लीटर का 4-सिलेंडर डीजल इंजन मिलता है, जो 198 किलोवाट की पावर और 550 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह SUV मात्र 6.9 सेकेंड में 0 से 100 kmph की स्पीड पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 230 kmph है।
वहीं GLE 450 नाइट एडिशन में 3.0 लीटर इनलाइन-सिक्स पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 280 किलोवाट की ताकत और 500 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह SUV सिर्फ 5.6 सेकेंड में 100 kmph की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी अधिकतम स्पीड 250 kmph है।
GLS 450 नाइट एडिशन में भी यही 3.0 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जबकि GLS 450d नाइट एडिशन में 3.0 लीटर इनलाइन-सिक्स डीजल इंजन दिया गया है। यह इंजन 270 किलोवाट की पावर और 750 Nm का जबरदस्त टॉर्क जनरेट करता है। GLS के दोनों वेरिएंट केवल 6.1 सेकेंड में 100 kmph की रफ्तार हासिल कर लेते हैं।
लक्जरी, टेक्नोलॉजी और दमदार परफॉर्मेंस के साथ Mercedes-Benz की ये नई नाइट एडिशन SUV भारतीय प्रीमियम कार बाजार में बड़ा आकर्षण बनने वाली हैं।
