लखनऊ। लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पारा क्षेत्र की जनता विहार कॉलोनी, बादल खेड़ा और आसपास के इलाकों के निवासियों ने गुरुवार सुबह मोहन रोड पर प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शन करीब दो घंटे से अधिक समय तक चला, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में बेहद कम समय के लिए बिजली आपूर्ति की जा रही है, कई बार केवल दो घंटे ही बिजली मिल रही है। बिजली न आने से घरों में पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे पूरे इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लगातार बिजली कटौती और पानी की समस्या से परेशान होकर लोगों को मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ा।
मोहन रोड पर प्रदर्शन के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली और पानी की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समस्या के स्थायी समाधान और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
