महोबा। महोबा जिले के पनवाड़ी विकास खंड की देवगनपुरा पंचायत में भीषण गर्मी और लू के बीच गौवंशों की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, लेकिन बेसहारा गौवंशों के लिए न तो पर्याप्त चारे की व्यवस्था है और न ही स्वच्छ पानी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गौशाला बंद होने के बाद अन्ना गौवंश पूरी तरह सड़कों और गलियों में भटकने को मजबूर हैं। प्यास बुझाने के लिए ये पशु नालियों और गंदे जल स्रोतों का सहारा ले रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गौ संरक्षण के बड़े-बड़े दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत में पशु भीषण गर्मी में बेहाल दिखाई दे रहे हैं। न तो उन्हें छांव मिल रही है और न ही पीने के लिए साफ पानी।
इस मामले पर देवगनपुरा के सचिव गणेश शंकर गुप्ता ने बताया कि गौशाला में 50 से कम गौवंश होने के कारण उसे अप्रैल में बंद कर दिया गया था। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि गांव में गौवंशों को दिक्कत हो रही है, तो उन्हें नजदीकी पनवाड़ी गौशाला में स्थानांतरित किया जा सकता है।
फिलहाल, ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि भीषण गर्मी को देखते हुए गौवंशों के लिए तत्काल पानी, चारा और छांव की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी स्थिति और न बिगड़े।
