नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी, जिन्होंने ‘मुन्ना भाई MBBS’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’ और ‘संजू’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं, अब अपने बेटे वीर हिरानी को इंडस्ट्री में लॉन्च करने की तैयारी में हैं। खबरों के मुताबिक वीर जल्द ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
वीर हिरानी का डेब्यू वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से होगा। यह सीरीज साइबर क्राइम पर आधारित ड्रामा बताई जा रही है। हाल ही में इसके पोस्टर लॉन्च के साथ प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा की गई। सीरीज में वीर के साथ विक्रांत मैसी, अरशद वारसी और मोना सिंह जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
यह प्रोजेक्ट सिर्फ वीर के लिए ही खास नहीं है, बल्कि राजकुमार हिरानी का भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहला बड़ा कदम माना जा रहा है। सीरीज में अरशद वारसी पुराने विचारों वाले पुलिस अफसर की भूमिका निभाएंगे, जबकि वीर एक युवा और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देंगे, जो साइबर तकनीक की मदद से केस सुलझाता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार वीर हिरानी की उम्र 28 साल है। भले ही वह बॉलीवुड में नया चेहरा हों, लेकिन थिएटर की दुनिया में उनकी अच्छी पहचान बन चुकी है। वीर लंबे समय से आर्ट और थिएटर से जुड़े रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार वीर हिरानी की उम्र 28 साल है। भले ही वह बॉलीवुड में नया चेहरा हों, लेकिन थिएटर की दुनिया में उनकी अच्छी पहचान बन चुकी है। वीर लंबे समय से आर्ट और थिएटर से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने लंदन की प्रतिष्ठित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट (RADA) से एक्टिंग की पढ़ाई पूरी की है। यह वही संस्थान है, जहां से ऑस्कर विजेता एंथनी हॉपकिन्स, मार्वल यूनिवर्स के ‘लोकी’ फेम टॉम हिडलस्टन, फीबी वॉलर-ब्रिज और दिवंगत अभिनेता एलन रिकमैन जैसे कलाकार भी प्रशिक्षण ले चुके हैं। यही वजह है कि वीर का इन अंतरराष्ट्रीय सितारों से खास कनेक्शन बताया जा रहा है।
वीर ने किशोरावस्था से ही शॉर्ट फिल्में बनाना शुरू कर दिया था। उन्होंने ‘रिटर्न गिफ्ट’ नाम की शॉर्ट फिल्म से निर्देशन की शुरुआत की थी। इस फिल्म का प्रीमियर हैदराबाद में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव के 18वें संस्करण में किया गया था।
थिएटर में भी वीर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। उन्होंने ‘लेटर्स ऑफ सुरेश’ नाम के नाटक से स्टेज डेब्यू किया था, जिसका निर्देशन मशहूर थिएटर डायरेक्टर फिरोज अब्बास खान ने किया था। इस नाटक में वीर ने करीब 35 मिनट लंबा मोनोलॉग दिया था, जिसे थिएटर की दुनिया में बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा था।
अब तक वीर हिरानी लाइमलाइट से दूर रहे हैं, लेकिन स्टार किड होने के कारण फैंस के बीच उन्हें लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या वह अपने पिता की तरह फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बना पाते हैं या नहीं।
