झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नेशनल हाईवे 27 के सर्विस रोड किनारे एक शीशम के पेड़ से अज्ञात युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। यह घटना पूंछ कस्बे के पास एरच रोड ब्रिज से सिकंदरा ब्रिज के बीच मोती लाल के खेत के पास की बताई जा रही है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसने हल्की नीली टी-शर्ट और खाकी रंग का लोअर पहना हुआ था। घटनास्थल से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ, हालांकि उसके पास मिले काले बैग से कपड़े और झांसी-चिरगांव रूट का एक रोडवेज बस टिकट मिला है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
