नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने अपने कार्यक्रम की शुरुआत बड़ा मंगल के अवसर पर चुरुवा मंदिर में बजरंगबली के दर्शन से की। मंदिर में पुजारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें माला व प्रसाद भेंट किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की।
लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद वह सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उनके साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और जगह-जगह पोस्टर-बैनर लगाए गए।
मंदिर दर्शन के बाद राहुल गांधी ने बछरावां क्षेत्र में सांसद निधि से बने मैरिज हॉल का उद्घाटन किया और ग्रामीणों से बातचीत की। यह बारात घर लगभग 15 लाख रुपये की सांसद निधि से बनाया गया है और इसका निर्माण 2025 में पूरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने खीरों और लालगंज क्षेत्र में जनसभाओं और महिला संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह दौरा संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस अपने जमीनी संगठन और जनसंपर्क को मजबूत करने पर फोकस कर रही है।
इस पूरे दौरे के दौरान राहुल गांधी के कई कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे राजनीतिक माहौल और भी सक्रिय नजर आया।
