मथुरा। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी रात्रि पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही उनके एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं, जिससे दर्शन के लिए पहुंचे हजारों भक्तों को बिना मिले ही वापस लौटना पड़ा। रविवार रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे थे, लेकिन महाराजजी निर्धारित समय पर पदयात्रा पर नहीं निकले। उनकी जगह शिष्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से भक्तों को जानकारी दी कि स्वास्थ्य कारणों से पदयात्रा और दर्शन स्थगित किए जा रहे हैं और भीड़ न लगाने की अपील की गई।
केली कुंज आश्रम के अनुसार, प्रेमानंद महाराज पिछले कई वर्षों से किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल स्वास्थ्य कारणों से आराम की आवश्यकता है। इस घोषणा के बाद भक्तों में निराशा देखने को मिली। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि वे महाराजजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और जल्द दर्शन की उम्मीद रखते हैं।
बताया जाता है कि प्रेमानंद महाराज तड़के करीब 3 बजे रोजाना केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक करीब डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त शामिल होते हैं। सामान्य दिनों में भी बड़ी भीड़ रहती है, जबकि वीकेंड और पर्वों पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती है।
