झांसी। झांसी में सोमवार को भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे हालात दोपहर जैसी तपिश वाले बन गए। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, गर्मी का असर और तेज होता गया और दोपहर तक पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई।
गर्मी का सीधा असर जनजीवन पर दिख रहा है। बाजारों और सड़कों पर सुबह से ही भीड़ कम हो गई, जबकि लोग सिर ढककर और पानी लेकर बाहर निकलने को मजबूर हैं। जूस और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ जरूर देखने को मिली, लेकिन मजदूर वर्ग और खुले में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान नजर आए।
इसी बीच शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती ने हालात और खराब कर दिए हैं। कई इलाकों में बार-बार बिजली जाने से लोग उमस और गर्मी से बेहाल हैं। रात के समय भी बिजली बाधित रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
सीपरी, नंदनपुरा, गल्लामंडी, आवास विकास और सदर क्षेत्र सहित कई इलाकों में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कहीं विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं तो कहीं बिजली विभाग को शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था में खास सुधार नहीं दिखा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में झांसी में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
